रिकॉर्डो के बेताज बादशाह सचिन तेंदुलकर

नई दिल्ली। क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर ने क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला कर लिया है।

सचिन ने अपने जीवन में न जाने कितने और मुकाम हासिल किए हैं जिन्हें शब्दों में बययान करना आसान नहीं।

उन्होंने अपने करियर में बहुत रिकॉर्ड बनाए हैं। चाहे वह वनडे में पहला दोहरा शतक लगाने का रिकॉर्ड हो या क्रिकेट के सभी फॉर्मेट में सबसे ज्यादा रन बनाने का।

पढिए सचिन के क्रिकेट करियर के बारे में।

क्रिकेट इतिहास में सचिन के रिकॉर्ड
वर्ष 1989 में 15 नवंबर को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ 16 वर्ष की मासूम उम्र में अपना अन्तर्राष्ट्रीय करियर शुरू करने वाले सचिन ने हाल ही में चैंपियन्स लीग के दौरान 50 हजार रन पूरे किए थे।

उन्होंने अब तक 198 टेस्टों में 53.86 के औसत से 15837 रन बनाए हैं। जिनमें विश्व रिकार्ड 51 शतक और 67 अर्द्धशतक शामिल हैं।

उनका सर्वाधिक स्कोर नाबाद 248 रन है। सचिन ने 463 एकदिवसीय मैचों में 44.83 के औसत से 18426 रन बनाए हैं जिनमें विश्व रिकार्ड 49 शतक और 96 अर्द्धशतक शामिल हैं।

वनडे का पहला दोहरा शतक सचिन के नाम
वह वनडे में दोहरा शतक बनाने वाले दुनिया के पहले बल्लेबाज हैं। सचिन दोनों तरह की क्रिकेट में शतकों का महाशतक बनाने काअद्भुत कारनामा किया है।

सचिन को मिले अवॉर्ड
क्रिकेट इतिहास के सबसे संपूर्ण बल्लेबाज माने जाने वाले सचिन को 1997-98 में देश के सर्वोच्च खेल पुरस्कार राजीव गांधी खेल रत्न, 1994 में अर्जुन पुरस्कार, 1999 में पद्मश्री, और 2008 में देश के दूसरे सर्वोच्च नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से सम्मानित किया जा चुका है।

देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न के लिए सचिन प्रबल दावेदार हैं। सचिन के साथ हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद भी भारत रत्न पाने के दावेदारों में शामिल हैं।

सचिन के लिए ही देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न के नियमों में संशोधन कर इसमें खिलाडियों के वर्ग को भी शामिल किया गया था।

क्रिकेट के बाइबल विजडन में वर्ष 2002 में सचिन को ब्रैडमैन के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ टेस्ट बल्लेबाज और विवियन रिचड्र्स के बाद दूसरा सर्वश्रेष्ठ एकदिवसीय बल्लेबाज आंका था।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने