congress losses in four state election

4 राज्यों में भाजपा ने मारी बाजी,कांग्रेस धड़ाम

नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने विधानसभा चुनावों में शानदार प्रदर्शन करते हुए केंद्र की सत्ता के सेमीफाइनल में कांग्रेस को जबरदस्त शिकस्त दी है और मध्यप्रदेश में हैट्रिक बनाने के साथ राजस्थान में कांग्रेस को सत्ता से बेदखल कर दिया। कांग्रेस का सबसे खराब प्रदर्शन राजधानी दिल्ली में रहा। तीन बरस सत्तासीन इस पार्टी को मुंह की खानी पड़ी और मुख्यमंत्री शीला दीक्षित तक को हार का सामना करना पड़ा। यहां असली मुकाबला आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच का बन कर रह गया। कांग्रेस के कई मंत्री तक निपट गए। विधानसभा में वह तीसरे स्थान पर पिछड़ गई। कांग्रेस को छत्तीसगढ़ से कुछ राहत की उम्मीद थी पर वहां भी रमनसिंह की हेट्रिक ने कांग्रेस को करारा जवाब दे दिया।

जनादेश भाजपा के पक्ष में,कांग्रेस के खिलाफ

भाजपा ने चार राज्यों के विधानसभा चुनावों के नतीजों को उसके पक्ष में और कांग्रेस के खिलाफ बताते हुए कहा है कि मतदाताओं ने इस बात के साफ संकेत दे दिये हैं कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद केन्द्र में भाजपा की ही सरकार बनेगी। चुनावों के नतीजों की समीक्षा के लिए भाजपा संसदीय बोर्ड की रविवार को यहां बैठक हुई । बैठक के बाद पार्टी अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने कहा कि तीन राज्यों में पार्टी को स्पष्ट बहुमत मिला है जबकि दिल्ली में भाजपा सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि चारों राज्यों में पार्टी की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि यह जनादेश पार्टी की मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ सरकारों के सुशासन और पार्टी के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार नरेन्द्र मोदी की लोकप्रियता के कारण मिला है। उन्होंने कहा कि लोगों ने कांग्रेस को चारों राज्यों में पूरी तरह खारिज कर दिया है।

कांग्रेस के बडे बडे नेताओं ने राजस्थान सरकार के माडल को सर्वश्रेष्ठ बताया था लेकिन वहां कांग्रेस को बुरी तरह पराजय का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि जहां लोगों ने मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में सुशासन पर वोट दिया, वहीं दिल्ली और राजस्थान में कांग्रेस को सत्ता विरोधी लहर का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा कि लोगों ने दिल्ली में भाजपा को पसंद किया है लेकिन सत्ता विरोधी लहर का सबसे ज्यादा फायदा आम आदमी पार्टी को मिला।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने