खुलेआम चौपड़ पर वसुंधरा-तिवाड़ी तकरार!

जयपुर। राजस्थान की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे और भाजपा के वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी के बीच मतभेद अब अन्दर की बात नहीं रही। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के मौके पर प्रदेश भाजपा की ये गुटबाजी सड़क पर सरेआम दिखने वाली है। दरअसल, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर शहर की छोटी चौपड़ पर पहली बार झंडा रोहण किया जाएगा। भाजपा के वरिष्ठ नेता घनश्याम तिवाड़ी के पुत्र अखिलेश तिवाड़ी ने 26 जनवरी को छोटी चौपड़ पर दिव्य भारत उद्घोष कार्यक्रम रखा है। इसमें झंडारोहण के साथ अन्य कार्यक्रम भी रखे जाएंगे। वहीं, भारतीय जनता पार्टी जयपुर शहर की ओर से गणतंत्र दिवस समारोह बड़ी चौपड़ पर मनाया जाता है, जिसमें प्रदेशाध्यक्ष झंडारोहण करते हैं। ऎसे में छोटी चौपड़ पर एक और कार्यक्रम चर्चा का विषय बना हुआ है। जानकारी के अनुसार, तिवाड़ी के पुत्र की ओर से 26 जनवरी को सुबह 11 बजे छोटी चौपड़ पर झंडारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें विधायक घनश्याम तिवाड़ी के झंडारोहण किए जाने की संभावना है। वहीं, भाजपा की ओर से सुबह आठ बजे बड़ी चौपड़ पर झंडारोहण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे पार्टी प्रदेशाध्यक्ष के रूप में झंडारोहण करेंगी। जयपुर में पहली बार ऎसा कार्यक्रम राजधानी में भाजपा और कांग्रेस की ओर से बड़ी चौपड़ पर हर साल 26 जनवरी पर झंडारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें दोनों पक्षों के प्रदेशाध्यक्ष राष्ट्रीय ध्वज फहराते हैं। राजधानी में यह पहला मौका है जब किसी भी संगठन या राजनीतिक पार्टी से जनप्रतिनिधि की ओर से छोटी चौपड़ पर झंडारोहण का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। गहराते मतभेद का नतीजा तो नहीं भाजपा के वरिष्ठ विधायक घनश्याम तिवाड़ी और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे में मतभेद सबके सामने आ चुके हैं। आगरा रोड पर 13 जनवरी को आयोजित भाजपा पदाधिकारियों एवं विधायकों की बैठक में भी तिवाड़ी शामिल नहीं हुए थे। लंबे समय से दोनों एक मंच पर नहीं दिखे हैं। राजे और तिवाड़ी आमने-सामने अब गणतंत्र दिवस पर भी जयपुर शहर में यही खींचतान सामने आ रही है। जहां शहर भाजपा की ओर से आयोजित बड़ी चौपड़ पर झंडारोहण कार्यक्रम में वसुंधरा राजे शामिल होंगी। वहीं, छोटी चौपड़ पर दिव्य भारत उद्घोष कार्यक्रम रखा है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं को जोड़ने के लिए मुहिम एवं प्रचार किया जा रहा है, जिसमें तिवाड़ी सहित समर्थकों के शामिल होने की संभावना है। गौरतलब है, बीते साल राजे की अनुपस्थिति में शहर भाजपा की ओर से आयोजित कार्यक्रम में बड़ी चौपड़ पर वरिष्ठ विधायक के नाते घनश्याम तिवाड़ी ने झंडारोहण किया था।

Please Select Embedded Mode To Show The Comment System.*

और नया पुराने